आज के समय में पर्सनल लोन लेना पहले से काफी आसान हो चुका है। पहले जहां हमें बैंक के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब आप घर बैठे मोबाइल से ही कुछ मिनटों में लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। ऐसे में बहुत सारे लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या हम Google Pay से भी पर्सनल लोन ले सकते हैं और अगर हां, तो उसका पूरा प्रोसेस क्या है।
लेकिन यहां एक बहुत जरूरी बात समझना जरूरी है कि लोन लेना जितना आसान हो गया है, उतना ही रिस्क भी बढ़ गया है। इंटरनेट पर कई ऐसी फर्जी लोन ऐप्स मौजूद हैं जो लोगों को फंसा कर ब्लैकमेल तक करती हैं। इसलिए इस लेख में हम सिर्फ प्रोसेस ही नहीं, बल्कि आपको पूरी सही जानकारी देंगे ताकि आप सुरक्षित तरीके से लोन ले सकें।
क्या Google Pay RBI Registered Loan App है?
सबसे पहले एक जरूरी सवाल क्या Google Pay खुद एक RBI रजिस्टर्ड लोन ऐप है?
सीधी बात समझो, Google Pay खुद लोन नहीं देता। यह सिर्फ एक प्लेटफॉर्म है जो आपको लोन दिलवाने में मदद करता है। असली लोन आपको किसी बैंक या NBFC (Non-Banking Financial Company) से मिलता है।
भारत में लोन देने वाली कंपनियों को Reserve Bank of India (RBI) से रजिस्ट्रेशन लेना जरूरी होता है। अगर कोई कंपनी RBI से रजिस्टर्ड नहीं है, तो उससे लोन लेना रिस्की हो सकता है।
Google Pay जिन कंपनियों के साथ काम करता है, उनमें मुख्य नाम हैं DMI Finance और Aditya Birla Finance Limited ये दोनों RBI रजिस्टर्ड NBFC हैं, इसलिए इनसे लोन लेना अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है।
Google Pay से कितना लोन मिल सकता है?
Google Pay पर मिलने वाला लोन आपकी प्रोफाइल पर निर्भर करता है। आमतौर पर आपको ₹30,000 से लेकर ₹1,00,000 या उससे ज्यादा तक का लोन ऑफर किया जा सकता है।
कुछ मामलों में यह अमाउंट ₹1.25 लाख या उससे भी ज्यादा हो सकता है, लेकिन यह पूरी तरह आपकी इनकम, सिविल स्कोर और बैंकिंग हिस्ट्री पर निर्भर करता है।
लोन की अवधि (Tenure) भी अलग-अलग हो सकती है, जैसे 6 महीने से लेकर 5–6 साल तक।
Google Pay Loan के फायदे
Google Pay से लोन लेने के कुछ फायदे भी हैं, जिनकी वजह से लोग इसे पसंद करते हैं।
सबसे बड़ा फायदा यह है कि पूरा प्रोसेस ऑनलाइन होता है और आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
दूसरा, इसमें बहुत कम डॉक्यूमेंट लगते हैं और अप्रूवल भी जल्दी मिल जाता है।
तीसरा, आपको अपने मोबाइल से ही पूरा कंट्रोल मिलता है, जैसे EMI ट्रैक करना, स्टेटमेंट देखना आदि।
इसके अलावा Google Pay के साथ जुड़े लेंडर्स जैसे DMI Finance और Aditya Birla Finance Limited RBI रजिस्टर्ड हैं, जिससे सुरक्षा थोड़ी बेहतर हो जाती है।
Google Pay Loan के लिए योग्यता (Eligibility)
अगर आप Google Pay से लोन लेना चाहते हैं, तो कुछ बेसिक योग्यताएं पूरी करनी जरूरी होती हैं।
सबसे पहले आपकी उम्र कम से कम 21 साल होनी चाहिए। इसके अलावा आपकी एक स्थिर इनकम होनी चाहिए, यानी आप सैलरीड हों या खुद का बिजनेस करते हों।
आपका सिविल स्कोर अच्छा होना चाहिए, क्योंकि उसी के आधार पर लोन अमाउंट और इंटरेस्ट रेट तय होता है।
साथ ही आपका मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट आपके नाम पर होना चाहिए और KYC पूरी होनी चाहिए।
जरूरी Documents क्या लगेंगे?
Google Pay से लोन लेने के लिए ज्यादा डॉक्यूमेंट की जरूरत नहीं होती, लेकिन कुछ जरूरी चीजें आपको देनी होती हैं।
आपको अपना PAN कार्ड नंबर देना होता है, क्योंकि इसी से आपका सिविल स्कोर चेक होता है।
इसके अलावा आधार कार्ड के जरिए KYC वेरिफिकेशन होता है। कई बार आपको सेल्फी भी अपलोड करनी पड़ती है ताकि आपकी पहचान कन्फर्म हो सके।
इसके साथ आपको अपनी इनकम से जुड़ी जानकारी देनी होती है, जैसे सैलरी या बिजनेस इनकम।
सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें फिजिकल डॉक्यूमेंट जमा करने की जरूरत नहीं होती, सब कुछ ऑनलाइन ही हो जाता है।
Google Pay से Personal Loan लेने का पूरा प्रोसेस
अब बात करते हैं असली प्रोसेस की, जिससे आप घर बैठे Google Pay के जरिए लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
सबसे पहले आपको Google Pay ऐप ओपन करना है। होम स्क्रीन पर नीचे की तरफ Money या Loans का ऑप्शन दिखाई देगा। उस पर क्लिक करने के बाद आपको पर्सनल लोन का विकल्प मिलेगा।
इसके बाद आपको कुछ बेसिक जानकारी भरनी होती है जैसे आपका नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल। फिर आपको अपना पिन कोड, PAN कार्ड नंबर और डेट ऑफ बर्थ डालनी होती है।
अगले स्टेप में आपसे आपकी जॉब डिटेल पूछी जाती है। अगर आप सैलरीड हैं, तो कंपनी का नाम और इनकम भरनी होती है। इसके बाद आपको अपना पूरा एड्रेस डालना होता है।
जब आप सारी जानकारी सही से भर देते हैं, तो सिस्टम आपकी प्रोफाइल के आधार पर लोन ऑफर दिखाता है। इसमें आपको लोन अमाउंट, EMI, और इंटरेस्ट रेट दिखाई देती है।
अगर आपको ऑफर सही लगता है, तो आप Terms & Conditions स्वीकार करके आगे बढ़ सकते हैं। इसके बाद KYC प्रोसेस होता है जिसमें आपको सेल्फी और आधार नंबर से वेरिफिकेशन करना पड़ता है।
अंत में आपको अपना बैंक अकाउंट जोड़ना होता है, जिससे हर महीने EMI कटेगी। सब कुछ पूरा होने के बाद आपका लोन अप्रूव हो जाता है और कुछ समय में पैसे आपके अकाउंट में आ जाते हैं।
Google Pay Loan Interest Rate और Charges
Google Pay से मिलने वाले लोन का इंटरेस्ट रेट आमतौर पर 9.99% से शुरू होता है, लेकिन यह केवल शुरुआती रेट होता है।
असल में ज्यादातर लोगों को 15% से 25% या उससे भी ज्यादा ब्याज देना पड़ सकता है।
इसके अलावा Processing Fee भी लगती है, जो लगभग 2% से 4% तक हो सकती है। यह फीस आपके लोन अमाउंट से पहले ही काट ली जाती है।
कई बार लेट पेमेंट पर पेनल्टी भी लगती है, इसलिए EMI समय पर भरना बहुत जरूरी है।
जरूरी सलाह (Important Advice)
हालांकि Google Pay से लोन लेना आसान है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपको बिना सोचे-समझे लोन ले लेना चाहिए।
हमेशा पहले बैंक से लोन लेने की कोशिश करें क्योंकि वहां ब्याज कम होता है।
इंस्टेंट लोन सिर्फ इमरजेंसी के लिए ही लें। शौक या गैर-जरूरी खर्च के लिए कभी लोन न लें।
और सबसे जरूरी बात किसी भी अनजान ऐप से लोन लेने से पहले उसकी जांच जरूर करें।

